फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खूनी पहियों ने दो महिलाओं समेत तीन की जान ली

Mon, 01 Jun 2015 12:12 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सड़कों पर फर्राटा भर रहे वाहनों ने तीन लोगों की जान ले ली। मृतकों में दो महिलाएं हैं। हुसैनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बहबलपुर के पास ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार महिला की मौत हो गई। वह सीएचसी जा रही थी।  उधर खागा कोतवाली क्षेत्र के कूरा त्रिलोचनपुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया। इस हादसे में एक युवक की जान चली गई। वहीं असोथर थाना क्षेत्र के मनावां नदी पुल पर महिला को बस ने कुचल दिया। इसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन


इलाज कराने जा रही महिला को ट्रक ने रौंदा
फतेहपुर। थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव निवासी धर्म सिंह ऊर्फ शेरा की पत्नी राजकुमारी (28) की तबीयत खराब थी। वह पड़ोस की सोनी के साथ दोपहर साइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहबलपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले साइकिल में टक्कर मारी। इसके बाद ट्रक महिला को रौंदता हुआ आगे निकल गया। इसी बीच थाना पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया। हादसे में साइकिल सवार सोनी जख्मी हो गई। उधर घटना की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। राजकुमारी के बच्चे संदीप, रेशमी, मंजू, काजल के आंसू थम नहीं रहे थे। इस मामले में पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बस की टक्कर से युवक की मौत
बाइक से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के सिल्मी सिकठियापुर गांव निवासी चुन्नीलाल का बेटा रामदयाल (30) अपने दोस्त अनिल के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार को खागा जा रहा था। कूरा गांव के पास बाइक सवार को एक वाहन ने टक्कर मार दी। आनन फानन में दोनों घायलों को हरदों सीएचसी लाया गया। रामदयाल की हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां से उसे देर रात कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार कानपुर लाते समय रास्ते में ही रामदयाल की सांसें थम गईं।  ग्रामीणों ने बताया कि बाइक में प्राइवेट बस ने टक्कर मारी थी। पुलिस ने वाहन की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन


मंजिल से पहले मौत ने घेरा
बहन के घर जाते वक्त बस ने महिला को कुचला
फतेहपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम मटिहा निवासी राजाराम पासवान की पत्नी बुधलिया (38) रविवार सुबह घर से ग्राम विधातीपुर बहन के घर पैदल जा रही थी। मनावां नदी पुल के पास विजयीपुर की ओर से असोथर जा रही प्राइवेट बस ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर महिला का पति राजाराम ग्राम सिठियानी से एक निमंत्रण समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था। नदी पुल पर ग्रामीणों की भीड़ देखकर वह ठहर गया। मौके पर पत्नी को मृत देखकर वह बेहोश गया। किसी तरह से उसे होश में लाया गया। इधर घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर हंगामा करना शुरू कर। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
 

अन्य घटनाओं में कई लोग घायल
गंभीर हालत में तीन लोगों को कानपुर किया रेफर
फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कछपुरवा निवासी नवी पुत्र पनीलाल और कुलदीप बाइक से खागा से गांव लौट रहे थे। हाइवे पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, कल्यानपुर थाना क्षेत्र हाइवे पर हुए हादसे में छोटेलाल, दिनेश निवासी गुनीर और प्रेमा पत्नी राजा घायल हो गए। आनन फानन में तीनों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से सभी को कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। इधर मलवां थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी करन और शिवा बाइक के अनियंत्रित होने से गिरकर घायल हो गए। थरियांव थाना क्षेत्र के मऊ निवासी वृद्ध दुलारे गाजीपुर रोड पर किसी वाहन की टक्कर से घायल हो गए। थरियांव थाना क्षेत्र के मलांव निवासी सुनील और अमन सिंह बाइक से गिरकर दुर्घटना का शिकार हुए। खागा कोतवाली क्षेत्र के खासमऊ निवासी प्रमोद और राजेश भी हादसे का शिकार होकर घायल हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें