फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सांई में तीन दिन पूर्व जमीनी विवाद को लेकर परिवार के ही कुछ लोगों ने 35 वर्षीय युवक को अगवा करके मारपीट कर बेहोशी हालत में शनिवार की रात घर के बाहर फेंक दिया था। पीड़ित परिवार थाने पहुंचा तो पुलिस ने डांट-डपट कर भगा दिया। घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
थाना क्षेत्र के सांई गांव निवासी स्व. गंगादीन का पुत्र मनोज को 27 सितंबर की शाम परिवार के ही कुछ लोगों ने अगवा कर लिया। उसे ले जाकर दो दिनों तक मारापीटा। बेहोशी की हालत में शनिवार की रात घर के बाहर छोड़कर भाग निकले। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो घर वाले उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाए पीड़ित को ही डांट-डपट कर भगा दिया। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल लाए। घरवालों का कहना है कि वह लोग 40 वर्षों से घर में रह रहे हैं। परिवार के कुछ लोग घर को हथियाना चाह रहे हैं। कई बार थाने जाकर इसकी शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। संवाद