माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कन्या विद्या धन योजना की
सूची फाइनल कर दी है। बोर्ड परीक्षा 2015 के 1087 मेधावी छात्राओं की सूची
को विभाग ने अनुमोदित करा लिया है। लाभार्थी छात्राओं से उनकी बैंक खाता
संख्या मांगी जा रही है। शासन ने बांटने के लिए तीन करोड़ 26 लाख 10 हजार
का बजट माध्यमिक शिक्षा विभाग के खाते में अवमुक्त कर दिया है। उम्मीद है
कि चुनाव के बाद वितरण किया जाएगा।
कन्या विद्या धन योजना के तहत
इंटरमीडिएट 2015 परीक्षा की मेधावी छात्राओं को 30 हजार रुपये प्रति छात्रा
आवंटित किया जाना है। राशि अवमुक्त हो चुकी है हालांकि अभी तक विभाग को
प्रशासनिक खर्च की एक प्रतिशत राशि उपलब्ध नहीं हो पाई है। माध्यमिक शिक्षा
विभाग ने योजना की धनराशि वितरण की तैयारी पूरी कर ली है।
इसके तहत यूपी
बोर्ड की अल्पसंख्यक 147, एससी 154 तथा अन्य जातियों के 432, मदरसा बोर्ड
के अल्पसंख्यक 8, एससी 9, अन्य 24, संस्कृत बोर्ड के अल्पसंख्यक 8, एससी 9,
अन्य 24, सीबीएससी के अल्पसंख्यक 41, एससी 43, अन्य 120 तथा आईसीएससी के
अल्पसंख्यक 14, एससी 14 तथा अन्य जाति के 40 लाभार्थी छात्राओं को योजना का
लाभ मिलना है। लाभार्थियों की सूची माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अनुमोदित करा
ली है।
परीक्षा पटल प्रभारी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग
ने अपने स्तर से कन्या विद्या धन वितरण की तैयारी पूरी कर ली है। लाभार्थी
छात्राओं की सूची अनुमोदित हो चुकी है। जल्द ही संबंधित छात्राओं से बैंक
खाता मंगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा, जिससे उनके खाते में योजना की
धनराशि भेजी जा सके। उन्होंने कहा कि हाई मेरिट की छात्राएं अनिवार्य रूप
से अपने बैंक खाते खुलवा लें, जिससे माध्यमिक शिक्षा विभाग को समय रहते
खाते नंबर मुहैया कराए जा सकें।