फतेहपुर। जूनियर बालक/बालिका प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन लखनऊ में तीन से पांच जुलाई तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए जिलास्तरीय जूनियर बालिका तैराकी ट्रायल्स 25 जून को शाम चार बजे और बालकों का चयन ट्रायल शाम पांच बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम शांतिनगर में आयोजित किया जाएगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार भारती ने बताया कि जिलास्तर पर चयनित खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय चयन ट्रायल 28 जून को सुबह 10 बजे प्रयागराज अक्वाटिक स्वीमिंग पूल में होगा। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग (अंडर-17 एवं अंडर-15) के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक और रिले स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक खिलाड़ी अधिकतम पांच स्पर्धाओं में भाग ले सकेगा।
ट्रायल्स में शामिल होने वाले इच्छुक जूनियर खिलाड़ी आधार कार्ड, नगर निगम की ओर से जारी जन्म प्रमाणपत्र, स्कूल बोनाफाइड, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचकर जीवन रक्षक राजकुमार यादव से संपर्क कर सकते हैं।