खागा। कोतवाली क्षेत्र के जसराजपुर और इशहाकपुर गांव में शुक्रवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। ताले तोड़कर चोर करीब 26 हजार रुपये नकद और लगभग तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर समेत गृहस्थी का सामान चोरी कर ले गए। शनिवार को जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जसराजपुर गांव निवासी बबलू रैदास ने बताया कि रक्षाबंधन पर पत्नी मायके गई थी और वह भी घर से बाहर थे। शनिवार सुबह करीब 11 बजे लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरे में रखी अलमारी का लॉकर भी टूटा था। चोर सोने की एक माला, दो जोड़ी चांदी की पायल, दो बोरी गेहूं, चावल और अन्य गृहस्थी का सामान ले गए।
इशहाकपुर निवासी संगीता देवी पत्नी जय सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ रक्षाबंधन पर मायके गई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी और बक्से में रखे 26 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।