फोटो-23-घर के पीछे लगी सेंध। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
धाता। थाना क्षेत्र के किशनपुर चौकी क्षेत्र के परसिद्धपुर गांव में बृहस्पतिवार रात चोरों ने घर के पीछे सेंध लगाकर करीब चार लाख के जेवर और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। परिवार के लोगों को शुक्रवार सुबह चोरी का पता लगा। पुलिस ने जांच शुरू की है।
गांव निवासी राजीव मिश्र किसान हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्य जागे तो घर के अंदर सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। गांव में दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। परिवार के लोग घर के दरवाजे पर टिनशेड के नीचे सो रहे थे।
बिजली न होने से गांव में अंधेरा था। चोरों ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। किसान के घर में करीब एक वर्ष पहले भी चोरी हुई थी। चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चोरी की घटना हुई है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
प्राथमिक विद्यालय व किराने की दुकान में चोरी
गाजीपुर। थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय व पैगंबरपुर गांव में किराने की दुकान का बृहस्पतिवार रात ताला तोड़कर चोरी हुई। प्रधानाचार्या सुनीता देवी ने बताया कि चोर विद्यालय के स्टोर रूम में बने रोशनदान उखाड़कर अंदर दाखिल हुए। इन्वर्टर, बैटरी, कैमरा, खेलकूद का सामान चोरी कर ले गए। पैगंबरपुर बकरी निवासी शिशु कुमार शुक्ला ने बताया कि किराने की दुकान का ताला तोड़कर चोर 7750 रुपये नकद व अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।