असोथर। थाना क्षेत्र के बौंडर वार्ड नंबर तीन में शुक्रवार रात चोरों ने किसान मातादीन रैदास के घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर करीब 10 लाख के जेवर और नकदी पार कर दी। शनिवार सुबह चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
मातादीन रैदास ने बताया कि चोर रात करीब 12 से एक बजे के बीच घर में घुसे होंगे। कमरे में रखी अलमारी और बक्से के ताले तोड़कर चोर करीब 10 लाख के जेवर और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।
गांव में सप्ताह भर में दूसरी वारदात
बौंडर गांव में एक सप्ताह के भीतर चोरी और टप्पेबाजी की दूसरी वारदात सामने आई है। करीब एक सप्ताह पहले एक बुजुर्ग महिला के साथ टप्पेबाजी हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक उसका भी अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।