फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र की सांई बिहार कॉलोनी में जेल चौकी के पीछे शनिवार दोपहर बंद मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवर समेत लाखों रुपये का सामान पार कर ले गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की।
सदर कोतवाली निवासी आलोक मिश्रा की पत्नी रजनी मिश्रा ने बताया कि वह चार सितंबर को बच्चों के साथ फूफा के घर सहजौरा थाना गुरुबक्शगंज जिला रायबरेली गई थीं। शनिवार शाम पड़ोसी जूली सिंह ने घर का गेट खुला देखकर सूचना दी।
परिजन पहुंचे तो मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा था। अलमारी के लॉकर तोड़कर चोर 15 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ले गए।
घर के पास लगे सीसीटीवी में तीन युवक नजर आए हैं। पड़ोसी महिला ने भी तीनों को घर के पास देखा था। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
देसी शराब की दुकान से 48 हजार रुपये चोरी
फतेहपुर। खागा मंडी स्थित देसी शराब की दुकान से करीब 48 हजार रुपये चोरी हो गए। सदर कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर निवासी अनुज्ञापी हिमांशु सिंह ने पुलिस को बताया कि खागा मंडी में देसी शराब की दुकान है। औंग थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी सेल्समैन रामराज सिंह ने चार सितंबर की सुबह फोन कर बताया कि दुकान का ताला तोड़कर करीब 48 हजार रुपये चोरी हो गए हैं। दुकान से शराब की एक भी बोतल चोरी नहीं हुई। अनुज्ञापी ने बताया कि दुकान की चाबी सेल्समैन के पास ही रहती है। शराब की बोतलें सुरक्षित होने के कारण उन्हें सेल्समैन पर संदेह है। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।