जिला अस्पताल में भर्ती गोरलाल यादव।
- फोटो : FATEHPUR
अल्लीपुर(फतेहपुर)। विवादित जमीन पर लगे बबूल का पेड़ काटने को लेकर गुरुवार दोपहर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। गांव में दौड़ा-दौड़ा कर एक दूसरे को लाठी डंडे से मारापीटा और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। मारपीट से अफरा तफरी मच गई। दोनों पक्षों के चार लोगों के सिर फट गए। 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मलवां थानाक्षेत्र के कोटिया के करलाही गांव में विवादित जमीन है। विवाद गांव के वीरेंद्र यादव और गोरेलाल यादव के बीच है। वीरेंद्र परिवार के पंकज यादव (भाजपा मंडल महामंत्री ) और कुछ अन्य लोगों को साथ लेकर विवादित जमीन पर लगे बबूल के पेड़ को कटवा रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के गोरेलाल और उसके पिता रामआसरे ने पेड़ काटने से मना किया तो बहस होने लगी। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों तरफ से लाठी डंडे, रॉड, कुल्हाड़ी से हमला किया गया। एक पक्ष से रामआसरे और उनके बेटे गोरेलाल का सिर फट गया। दूसरे पक्ष से भाजपा नेता पंकज, नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए।
पुलिस के पहुंचने पर झगड़ा शांत हुआ। दोनों पक्षों को पुलिस थाने लाई। तहरीर के बाद मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा। भाजपा नेता पंकज यादव ने आरोप लगाया कि वह लोग मार्ग पर लटक रहे बबूल की डाल को कटवा रहे थे, इससे राहगीरों को दिक्कत होती थी। दूसरे पक्ष के गोरेलाल ने बताया कि पेड़ विवादित जमीन पर है, तभी कटवाने का विरोध करने पर हमला किया गया। पंकज यादव की ओर से बलबीर, रघुबीर, धर्मवीर, रामआसरे व उनके बेटों चंद्रभान, करन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वहीं, दूसरे पक्ष के घायल गोरेलाल यादव की ओर से सगे भाई नागेंद्र, वीरेंद्र, भाजपा नेता पंकज यादव व नेता के छोटे भाई छोटू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।