बिंदकी। नगर का जाम लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। सुबह से ही जाम का झाम शुरू हो जाता है। मंगलवार को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक जाम लगा रहा। पुलिसकर्मी जाम हटवाने के लिए लगे रहे।
मौरंग निकासी शुरू होते ही नगर में ट्रकों का आवागमन बढ़ गया है। रात दिन लोड व खाली ट्रक नगर के अंदर से आवागमन करते हैं। दिन में लोगों की भीड़ व वाहनों की संख्या अधिक होने की वजह से जाम का झाम शुरू हो गया है। इसकी वजह भारी वाहन हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक नगर के बांदा सागर हाईवे, ललौली रोड से लेकर अंबेडकर चौराहा, कुंवरपुर रोड, तहसील रोड, गांधी चौराहा, महरहा रोड तक लगभग चार किमी तक वाहन लाइन से खड़े रहे। एंबुलेंस व रोडवेज बसें भी जाम में फंसी रही। स्कूली बसों में बैठे बच्चे परेशान दिखाई दिए। समाजसेवी लोकनाथ पांडे, राम किशन गुप्ता, बिल्लू बजाज, राजू बजाज, वीरेंद्र तिवारी कहा कि बाईपास का निर्माण हो जाए तो जाम की समस्या से छुटकारा मिल जाए। एसडीएम प्रहलाद सिंह ने बताया कि पहले भी ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई की गई है। बाईपास न होने की वजह से वाहनों का आवागमन होता है।