गर्मी में पानी की समस्या दूर करने के लिए डीएम भले ही निर्देश दे रहीं हों, लेकिन अभी तालाबों में पानी भरना संभव नहीं है। सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मई में तालाब भरने की बात कर रहे हैं। उधर, प्रधानों का कहना है कि तालाब भरवाने के लिए अभी तक कोई निर्देश नहीं मिला है और न ही तालाब भरने में प्रशासन की ओर से बजट भी नहीं मिलता है।
गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों की सुविधा के लिए तालाबों में पानी भराया जाता है।
नहर विभाग, राजकीय नलकूप खंड और पंचायत विभाग के माध्यम से तालाब भरे जाते हैं। डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने तहसील दिवस और अधिकारियों की बैठक में सिंचाई विभाग को तालाब भराने का निर्देश भी दे चुकी हैं। नोडल अधिकारी महेंद्र सिंह का कहना है कि अभी नहर में पानी नहीं आ रहा है। खरीफ का रोस्टर जारी होने के बाद ही जिले की नहरों को पानी मिलेगा। नहर में पानी आने के बाद ही तालाब भरे जाएंगे।
मई के पहले सप्ताह तक पानी का रोस्टर जारी होगा। उधर, प्रधान संगठन के अध्यक्ष नदीम उद्दीन पप्पू का कहना है कि तालाब भराने का अभी आदेश नहीं मिला है। तालाब में पानी भरवाने के लिए किसी मद से रुपया भी नहीं मिलता है। प्रशासन से तालाब भरने के लिए आदेश आता है तो प्रधानों को धनराशि दिलाने की मांग की जाएगी।