फतेहपुर। जिला अस्पताल की फिजियोथेरेपी ओपीडी में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों में महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां आने वाले मरीजों में करीब 70 प्रतिशत तक महिलाएं होती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अनियमित खानपान, बिगड़ी दिनचर्या, मोटापा और घरेलू कामकाज के दौरान झुककर या गलत पोजीशन में काम करना महिलाओं में दर्द की समस्या बढ़ाने का प्रमुख कारण बन रहा है।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल की फिजियोथेरेपी ओपीडी में प्रतिदिन 10 से 15 मरीज उपचार के लिए आते हैं। इनमें आठ से 10 महिलाएं होती हैं। इनकी उम्र 30 से 70 वर्ष के बीच होती है। अधिकतर महिलाएं कंधे, कमर, घुटने, गर्दन और कंधे के दर्द की शिकायत लेकर आती हैं।
ओपीडी में महिलाओं को उनकी समस्या के अनुसार एक्सरसाइज, मैनुअल थेरेपी और इलेक्ट्रोथेरेपी दी जाती है। यह उपचार सात से 25 दिनों तक चलता है। नियमित थेरेपी से मरीजों को दर्द, जकड़न और चलने-फिरने में होने वाली परेशानी से राहत मिल रही है।
जिला अस्पताल के फिजियोथेरापिस्ट डॉ. मोहित श्रीवास्तव ने कहा कि थेरेपी के साथ व्यायाम करना बहुत जरूरी है। गलत तरीके से बैठना, भारी सामान उठाना, बाइक चलाना और मोबाइल का अधिक इस्तेमाल करने से पुरुषों और महिलाओं दोनों में सर्वाइकल, कमर और कंधे में दर्द की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने समय पर इलाज और सही जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
ठंड शुरू होते ही कमर में बढ़ गई जकड़न
इलाज कराने पहुंचीं खागा निवासी रामरती ने बताया कि छह महीने से घुटने और कमर में दर्द था। फिजियोथेरेपी से उन्हें काफी राहत मिली है। भिटौरा निवासी लक्ष्मी मिश्रा ने कहा कि ठंड शुरू होते ही कमर में जकड़न बढ़ गई थी। नियमित थेरेपी और व्यायाम से अब सुधार हो रहा है। सरांय निवासी शैली ने बताया कि कार्यालय में लंबे समय तक कुर्सी पर बैठने से कमर और कंधे में दर्द हो रहा था। फिजियोथेरेपी से अब आराम है।
महिलाओं को बरतनी चाहिए ये सावधानियां...
- घरेलू काम करते समय बार-बार झुकने से बचें।
- भारी सामान उठाते समय कमर के बजाय घुटनों का सहारा लें।
- लंबे समय तक एक ही मुद्रा में बैठकर या खड़े होकर काम न करें।
- किचन और ऑफिस में सही ऊंचाई वाली कुर्सी और प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।
- रोजाना 20 से 30 मिनट हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग जरूर करें।
- वजन नियंत्रित रखें और संतुलित खानपान अपनाएं।
- कमर, घुटने या गर्दन में लगातार दर्द होने पर लापरवाही न करें।
फोटो-21-फिजियोथेरेपी सेंटर में मरीज से समस्या जानते चिकित्सक डॉ. मोहित श्रीवास्तव। संवाद
फोटो-21-फिजियोथेरेपी सेंटर में मरीज से समस्या जानते चिकित्सक डॉ. मोहित श्रीवास्तव। संवाद