फतेहपुर। लाखों के जेवर व नकदी की चोरी के मामले में कानपुर जीआरपी ने जीरो एफआईआर दर्ज की थी। मामले की विवेचना बिंदकी कोतवाली पुलिस को स्थानांतरित की गई है। बिंदकी कोतवाली पुलिस ने सोमवार को विवेचना शुरू की है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के आलमगंज गांव निवासी मतीन का महाराष्ट्र में बक्सा कारोबार है। वह परिवार के साथ महाराष्ट्र में रहता है। मतीन ने पुलिस को बताया कि मामा के बेटे व बेटियाें की शादी समारोह में शामिल होने ट्रेन से एक नवंबर को महाराष्ट्र से गांव आ रहा था। वह दो नवंबर को कानपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। स्टेशन के बाहर गांव से ही बुक की बोलेरो पहुंची। बोलेरो में बैठकर गांव पहुंचे। परिवार की महिलाओं ने पांच नवंबर को शादी में जाने के लिए ट्राॅली बैग खोला। बैग की चेन कटी हुई थी। बैग में रखे सोने के दो हार, सात कड़े,दो झुमके, छह अगूंठी और 80 हजार रुपये की नकदी गायब थी। यात्रा के दौरान ही करीब 16 लाख का माल चोरी हो गया था। पीडि़त ने कानपुर जीआरपी में शिकायत की। जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज की। जांच के बाद विवेचना बिंदकी कोतवाली में स्थानांतरित की है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि जीआरपी पुलिस के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।