लखनऊ में दादा दादी फाउंडेशन की ओर से 2020 का गौरव संमान प्राप्त करते जिलाधिकरी संजीव सिंह
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर असोथर ब्लॉक के सहबसीं गांव की नब्बे वर्षीय रामप्यारी के बुरे वक्त में रहनुमा बनकर आए जिलाधिकारी संजीव सिंह को नीति आयोग के दादी-दादा फाउंडेशन ने लखनऊ में सम्मानित किया। राज्य सूचना आयुक्त नरेंद्र श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी और दादी-दादा फाउंडेशन के निदेशक मुनि शंकर ने जिलाधिकारी को पहला दादी-दादा गौरव सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक फाउंडेशन के निदेशक मुनि शंकर ने कहा कि यह सम्मान बुजुर्गों की सेवा के लिए दिया गया है, इससे प्रशासनिक सेवा के अन्य अधिकारी भी ऐसी नजीर पेश करने के लिए प्रेरित होंगे।
अवार्ड लेने में जिलाधिकारी की पत्नी श्वेता सिंह भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में नीति आयोग के डिप्टी एडवाइजर डॉ. एसबी मुनिराजू, पूर्व एटॉर्नी जनरल अशोक मेहता और लखनऊ विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर आलोक कुमार राय मुख्य रूप से मौजूद रहे। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने कहा वह यह अवार्ड जनपद की जनता को समर्पित करते हैं।