फतेहपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के तीन केस और मिले हैं। शुक्रवार को लखनऊ पीजीआई से आई 162 सैंपल की रिपोर्ट में यह पॉजिटिव निकले। दंपति समेत तीनों प्रवासी हैं। यह 22 जून को नोएडा से लौटे हैं।
संक्रमितों में दंपति अमौली सीएचसी के भाजी ताला गांव के हैं। एक युवक असोथर पीएचसी के कोर्राकनक गांव का निवासी है। यह तीनों 22 जून को गांव लौटे थे। इनके सैंपल लखनऊ भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट शुक्रवार की शाम आई है। प्रशासन ने दोनों गांवों को कंटेनमेंट जोन बना दिया है। बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस को तैनात कर दिया गया। सीएमओ डॉ. उमाकांत पांडेय ने बताया कि अभी तक 128 केस सामने आ चुके हैं। 68 डिस्चार्ज हो चुके हैं।
एक दिन में बना दिया कोरोना संक्रमित
गाजीपुर सीएचसी के टिकरी गांव के प्रवासी युवक ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाए हैं। प्रवासी युवक 20 जून को राजस्थान के भरतपुर से लौटा था। 22 जून को सदर अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग कराई। स्क्रीनिंग में लक्षण न मिलने पर घर भेज दिया गया। इसके बाद भी वह नेवलापुर क्वारंटीन सेंटर पहुंच गया। इसी तारीख को सैंपल लखनऊ पीजीआई भेजा गया। युवक के मुताबिक 24 जून को रिपोर्ट निगेटिव आने की बात कह कर डिस्चार्ज कर दिया गया। दूसरे दिन 108 एंबुलेंस से आश्रम पद्धति विद्यालय पहुंचा दिया गया। युवक ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक के मुताबिक उसके साथ ही परिवार की जिंदगी को भी खतरे में डाला गया है।