फतेहपुर। जिले में ताबड़तोड़ ट्रांसफार्मर फुंकने का सिलसिला जारी है। इससे बिजली समस्या एक बार फिर गहरा गई है। जनता के हो हल्ला के बाद भी आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। इन दिनों हो रही अंधाधुंध कटौती से उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हैं। मुराइनटोला के महाजरी इलाके में लगा चार सौ केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर जल गया। विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे ट्रांसफार्मर से कनेक्शन देकर आपूर्ति शुरू की तो वह भी जल गया। यहां पर दोपहर में बिजली गुल होने से लाला बाजार, चौक, महाजरी, पनी, मुराइनटोला इलाके के लोग परेशान रहे।
मोहल्ले के रोहित सिंह, महेश कांत त्रिपाठी, दिलीप ने बताया कि सबसे ज्यादा रात में बिजली की आंख मिचौनी से दिक्कत होती है। हर आधे घंटे में बिजली की आवाजाही से नींद खराब हो रही है। इसी प्रकार आबूनगर क्षेत्र में तार टूटने से बिजली गुल हो गई। इनवर्टर ठप होने से उमस भरी गर्मी से लोग पंखा करते नजर आए। राधानगर उपकेंद्र के अंतर्गत देवीगंज इलाके में लगा ढाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया है। अधीक्षण अभियंता आरआर सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर की कमी से दिक्कत आ रही है। मुख्य अभियंता से ट्रांसफार्मर की मांग की है। जल्द ही आपूर्ति शुरू की जाएगी।