विजयीपुर। विजयीपुर पीएचसी में बुधवार को एसीएमओ डॉ. इश्तियाक अहमद ने दवाओं और स्टॉक का मिलान किया। इसमें एक्सपायर्ड वैक्सीन और दवाइयों मिलने की आशंका जताई गई। प्रसव कक्ष में प्रसूताओं को पौष्टिक आहार न मिलने और फर्जी भुगतान की शिकायत भी की गई है। सभी रजिस्टर अधूरे पाए गए।
मंगलवार को डीएम और सीडीओ ने पीएचसी का निरीक्षण किया था। इसमें कई खामियां सामने आई थीं। बुधवार को एसीएमओ ने कोल्ड चेन कक्ष खोलकर जांच की। यहां एक्सपायर्ड वैक्सीन और विभिन्न प्रकार की एक्सपायर्ड दवाइयां मिलने की बात कही जा रही है।
प्रसव कक्ष में 24 घंटे में कोई प्रसव न होने की पुष्टि हुई केवल एक प्रसव पीड़िता मौजूद थी और तीमारदार जमीन पर बैठे थे। पूछताछ में एएनएम बिंदा कुमारी कोई ठोस जानकारी नहीं दे सकीं। प्रसूताओं को भोजन और पौष्टिक आहार के बारे में कोई जानकारी नहीं थी केवल चाय-बिस्कट दिए जाने की बात सामने आई।
पीएचसी में रसोई की सुविधा नहीं है। सीएमओ डॉ. राजीव नयन गिरि ने बताया कि जांच में एक्सपायर्ड वैक्सीन और दवाइयां नहीं मिली हैं। डीएम के निरीक्षण में मिली अनियमितताओं की रिपोर्ट तैयार करने स्वास्थ्य विभाग की टीम पीएचसी गई थी।