जिले में बारिश के दौरान गिरी बिजली रविवार को कहर बनकर टूटी है। बिजली की चपेट में आने से एक महिला तथा दो किशोरों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। झुलसे लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आकाशीय बिजली गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लमहेटा और खेसहन में गिरी है। लमहेटा गांव निवासी राधेश्याम साहू का बेटा लवकुश (16) दोपहर को बक रियां चराने जंगल में गया था। वहीं बारिश के दौरान बिजली गिरने से लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई। बिजली गिरने की खबर सुनते ही ग्रामीण और किशोर के परिजन जंगल पहुंचे, जहां मृत बेटे लवकुश को देखकर परिजन बेहाल हो गए।
इसी थाना क्षेत्र के खेसहन गांव निवासी ओम प्रकाश शुक्ला का बेटा शिवम (14), सत्यम (14), गिरिजा शंकर का बेटा पप्पू शुक्ला( 40) व राम सिंह खेत पर मौजूद थे। यकायक बिजली गिरने पर सभी लोग चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे लोगों इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जुड़वा भाइयों में शिवम को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाक ी सभी को उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
वहीं धाता थाना क्षेत्र के ग्राम केटमई निवासी इंदल की पुत्री नगीना देवी (20) खेतों पर धान की रोपाई कर रही थी, उसकी भी बिजली गिरने में मौत हो गई। इसके साथ ही गांव के रामरतन की भैंस की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।