किशनपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर लूटकांड मामले में गिरोह के सरगना समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार करके पुलिस ने खुलासे का दावा किया है। बदमाशों की निशानदेही पर ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया।
एसपी सालिगराम वर्मा ने पत्रकारों को बताया कि किशनपुर थाना क्षेत्र के इटरौरा गांव के पास 24 फरवरी की रात को मौरंग लेने जा रहे ट्रैक्टर चालक त्रिभुवन सोनकर और मालिक सर्वेश निवासी नरौली के पास चार सशस्त्र बदमाशों ने बंधक बनाकर खाई में फेंक दिया था। बदमाश ट्रैक्टर लूटकर फरार हो गए थे।
वारदात की पड़ताल थानेदार बलराम सिंह और सर्विलांस प्रभारी राजेश सिंह की टीमें कर रही थी। गाजीपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के पास से पुलिस ने बुधवार की रात बदमाश बोधीलाल निषाद पुत्र गोपराज निवासी बगहाडेरा मजरे सरकंडी थाना असोथर को गिरफ्तार किया।
जब कि मौके से गेंदालाल पुत्र गरीबदास निवासी सुकरू, सूतन निषाद पुत्र रामबरन निवासी लंकापुर निवासी लोला अवस्थी का डेरा, सच्चा उपाध्याय पुत्र रामसजीवन निवासी उपाध्याय का डेरा मजरे सरकंडी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। एसओ ने बताया कि चारों बदमाशों ने ट्रैक्टर लूटने के बाद रात को ही बहरामपुर थरियांव रेलवे क्रासिंग पहुंचे थे। जहां पर सूतन निषाद ने खुद के बीमार होने का झांसा देकर रेलवे क्रासिंग खुलवाई थी।
इसके बाद हुसैनगंज थाना क्षेत्र के जंगल ट्रैक्टर को छिपा दिया था। ट्रैक्टर का सौदा मथुरा में बेंचने के फरार गेंदालाल ने तय किया था। सारे आरोपी ट्रैक्टर को बेंचने ले जा रहे थे। तभी सटीक लोकेशन पर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी बदमाशों के खिलाफ लूट के मुकदमे पहले से दर्ज है।
आरोपी बोधीलाल इंटर की पढ़ाई के दौरान ही कत्ल और लूट के इल्जाम में जेल जा चुका है। बदमाश गेंदालाल के खिलाफ लूटपाट के कई मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने धरे गए शातिर को जेल भेजकर बाकी फरार बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।