तहसील बिंदकी सभागार में डीएम, एसपी सहित जिले के आला अफसरों ने जन शिकायतें सुनी। तहसील दिवस में पेयजल संकट की बहुतायत शिकायतें आईं। गर्मी शुरू होने के पहले पेयजल संकट की विकराल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई।
चाराें विकास ख्ंाडों में खराब सैकड़ों हैंडपंप बनवाने की मांग की गई। इसके अलावा भूमि विवाद, चकरोड, पट्टों, ग्राम समाज, तालाबों में दबंगों के कब्जे, सार्वजनिक वितरण प्रणाली आदि समस्याओं का समाधान कराने की गुहार लगाई गई।
मंगलवार को जिलाधिकारी राजीव रौतेला, पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, सीडीओ रामाश्रय ने सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनकर एक सप्ताह में निस्तारण किए जाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीएम ने जलनिगम के अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिया कि एक पखवारे के अंदर खराब हैंडपंप ठीक कराए जाएं। तहसील दिवस में एसडीएम जेएन सचान, सीओ आरके वर्मा, तहसीलदार लालसिंह यादव, नायब तहसीलदार राजकुमार चौधरी, कोतवाल केके यादव समेत तहसील स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
तहसील दिवस में 123 के शिकायत दर्ज की गईं, जिसमें 11 का निस्तारण कराया गया।
डीएम को जाना पड़ा लखनऊ - बिंदकी। तहसील दिवस बिंदकी में फरियादियों की समस्याएं सुन रहे डीएम राजीव रौतेला को अपराह्न साढ़े बारह बजे तहसील दिवस छोड़कर लखनऊ जाना पड़ा। इसके बाद फरियादियों की समस्याएं सीडीओ रामाश्रय ने सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
फर्जी मेडिकल पर गए कर्मी तलब - बिंदकी। तहसील दिवस में डीएम को जब इस बात की भनक लगी कि तहसील के दो कर्मचारी फर्जी मेडिकल लगाकर घर गृहस्थी के कामकाज निपटा रहे हैं।
डीएम ने नायब तहसीलदार राजकुमार चौधरी को कर्मचारियों के घर भेजा। एक कर्मचारी संजय मौजूद मिला, उसे डीएम के सामने स्वस्थ हालत में पेश किया गया। डीएम ने एसडीएम को फर्जी मेडिकल लगाकर काम न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए ।