धाता। पौधों को लेकर कल्यानपुर कचरौली जा रही ट्रैक्टर-ट्राली गलेहरा-बिरधौलीपुर के बीच अनियंत्रित हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली सड़क के नीचे जाकर पलट गई। हादसे में तीन लोग ट्राली के नीचे दब गए। जबकि दो बाहर गिरे। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
धाता थानाक्षेत्र के कल्यानपुर कचरौली गांव निवासी विश्वनाथ (60), बब्बू (40), भइयालाल (45), नरेश (42) व राजू (35) निवासी बिरधौलीपुर ट्रैक्टर-ट्राली से किशनपुर गए थे। राजू ट्रैक्टर चला रहा था। किशनपुर की कल्यानपुर कचरौली ग्राम सभा से पौधे ट्राली में लोड करके यह लोग लौट रहे थे। सभी ट्रैक्टर में ही बैठे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली गलेहरा-बिरधौलीपुर गांव के बीच पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बब्बू, राजू सिंह व विश्वनाथ ट्राली के नीचे दब गए। जबकि भइयालाल व नरेश बाहर गिरे। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। पुलिस ने जेसीबी का इंतजाम कर ट्राली को सीधा कराया। तो विश्वनाथ की हालत बेहद गंभीर निकली। उसे लोग धाता अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अन्य दो का इलाज चल रहा है।