रिश्तेदार के घर से पत्नी बच्चे संग लौट रहे ट्रक चालक को बुधवार की शाम डंपर ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गांव के बाइक सवारों ने पीछा कर डंपर चालक को पकड़ा और पीट कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस के बीच बचाव पर चालक की जान बची। हादसे के तीन घंटे बाद पुलिस शव और चालक को ग्रामीणों के कब्जे से ले सकी।
थरियांव थाने के एकारी गांव निवासी बोधन पासवान का बेटा करन पासवान (35) ट्रक चालक था। वह बुधवार सुबह गांव आया था। वह अतरहा गांव रिश्तेदार के घर से पत्नी जानकी और बेटे विमलेश के साथ पैदल लौट रहा था। एकारी रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे कांट्रेक्शन एरिया से मिट्टी खाली कर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने करन को टक्कर मार दी।
डंपर के झोंके से पत्नी और बच्चा दूर गिरे। तभी चालक करन डंपर की चपेट में आ गया। हादसा देखकर ग्रामीणों ने डंपर का पीछा किया। हाईवे पर बिलंदा के पास चालक को पकड़ लिया। चालक को पीटते हुए घटनास्थल पर ले गए। 100 नंबर की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस कर्मी जयपाल भारती और पवन कुमार ने किसी तरह से चालक की जान बचाई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से पुलिस को रोक दिया। ग्रामीणों ने कांस्ट्रक्शन कंपनी और डंपर मालिक को बुलाने की मांग की। एसओ विपिन कुमार सिंह ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस से भी ग्रामीणों ने बदसलूकी की। सीओ सिटी कपिल देव मिश्र व कई थानों का फोर्स पहुंचा।
सीओ व ग्राम प्रधान एजाज अहमद, ब्लाक मंडल अध्यक्ष राकेश मौर्या, युनूस समेत कई ग्रामीणों के मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। पुलिस ने पहले चालक को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को उठा सकी। ग्रामीणों की तत्काल दस लाख का मुआवजा दिलाने की मांग रही है। सीओ सिटी ने बताया कि डंपर चालक कानपुर घाटपुर के दौलतपुर निवासी अली हसन है। डंपर कानपुर देहात के अजय कुमार गुप्ता का है। पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।