फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सनगांव मोड़ के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
मलवां थानाक्षेत्र के सिचौली गांव निवासी पुत्तन (52) बेटे राहुल के साथ किसी काम से शहर आए थे। बाइक सवार पिता-पुत्र देर शाम घर लौट रहे थे। सनगांव मोड़ के पास बाइक सवारों को टक्कर मारकर ट्रक फरार हो गया। बाइक चालक राहुल हेलमेट लगाया था। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची पुत्तन की मौत हो चुकी थी। घायल बेटे राहुल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।