खागा। ऐलई रोड हरदों में अवैध अस्पताल की जांच के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ अभद्रता करने के मामले में आरोपी अस्पताल संचालक समेत दो को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
कुछ दिन पहले डिप्टी सीएमओ डाॅ. इश्तियाक अहमद, हरदों सीएचसी अधीक्षक डाॅ. सरल सोनी व महिला स्टाफ के साथ ऐलई रोड पर संचालित आदित्य हाॅस्पिटल की जांच के लिए पहुंचे थे। जैसे ही टीम ने वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोप है कि वहां मौजूद अस्पताल संचालक फतेहपुर के गंगानगर काॅलोनी पीएसी गेट नंबर सात निवासी सोनम दीक्षित व उनकी सहयोगी खागा कोतवाली क्षेत्र के टेनी गांव निवासी अंशू देवी ने अभद्रता शुरू कर दी। गाली-गलौज कर दबाव बनाने का प्रयास किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। टीम ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान अस्पताल के अंदर से गर्भपात करने की दवाएं, इंजेक्शन, गर्भपात करने में प्रयोग होने वाले उपकरण समेत कई उपकरण व दवाएं मिली। इससे टीम ने माना कि यहां पर गर्भपात का कार्य हो रहा है। टीम ने सारा सामान जब्त किया और कोतवाली पहुंची। जहां डाॅ. सरल सोनी ने सोनम दीक्षित व अंशू देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया। कस्बा इंचार्ज सत्य प्रकाश पाठक ने मंगलवार को खागा बस स्टैंड से सोनम दीक्षित व अंशू देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को जिला कारागार भेज दिया गया।