बिंदकी तहसील क्षेत्र के बहरौली गांव में संक्रामक व मच्छर जनित बीमारी का खतरा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को गांव के 13 लोगों को तेज बुखार के चलते स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। अभी भी गांव में रोज का रोज नए रोगी सामने आ रहे हैं। स्वास्थ विभाग लगातार शिविर लगा रहा है और सफाई कर्मी गंदगी साफ करने के साथ मच्छर भगाने में जुटे हैं।
खजुहा ब्लाक के बहरौली गांव में अब तक 5 मौतें हो चुकी हैं। गांव के लोग डेंगू की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। इसी के चलते मंगलवार को यहां पर प्रयागराज से कीट विशेषज्ञ अलका श्रीवास्तव और मच्छर की संभावनाओं पर अपने साथ नमूने ले गईं।
बुधवार को गांव के रामपाल साहू 50, विजय साहू 17, मन्ना 51 , अंकित सिंह परिहार 25 ,उर्मिला देवी 45 , सीताराम 22 , गुड़िया देवी 30, विनीता पाल 26, अनुसूया देवी 65 , सनी सिंह 19 , अंकित सिंह परिहार 25 , राहुल 25 व अरुणा देवी 50, को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गांव में अभी हर दूसरे तीसरे घर में बुखार जुकाम और खांसी के रोगी हैं। करीब 15 से 20 लोग अभी भी कानपुर के विभिन्न नर्सिंग होम में अपना अपना इलाज करवा रहे हैं।
बुधवार को गोपालगंज पीएचसी की टीम ने शिविर लगाया। जिसमें 22 लोग दिखाने के लिए सामने आए। उधर सारा दिन गांव में साफ सफाई का कार्य चलता रहा। दवा का छिड़काव भी कराया गया। प्रधान आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार गांव में अभियान चलाकर साफ सफाई कराई जा रही है।