- फर्जी रिपोर्ट और अनियमितताओं पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, हर माह होगा औचक निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जिले में संचालित निजी पैथोलॉजी लैब और कलेक्शन सेंटर अब स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रहेंगे। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी, फर्जीवाड़ा या बिना मानकों के लैब संचालन मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में संबंधित संचालक के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा सकती है।
सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक के निर्देश पर निजी लैबों की जांच कर उनके पंजीकरण, जांच की सुविधाओं और निर्धारित मानकों का सत्यापन किया जाएगा। समाचार पत्रों से मिलने वाली शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मरीज की जांच रिपोर्ट का दोबारा परीक्षण कराकर उसकी सत्यता की जांच होगी। हर माह चयनित लैबों में औचक निरीक्षण और सैंपल की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। अनियमितता मिलने पर लैब का पंजीकरण निलंबित या निरस्त किया जा सकता है। वहीं, निजी चिकित्सक या नर्सिंग होम संचालक की लापरवाही सामने आने पर भी कार्रवाई होगी। गंभीर प्रकरणों की जांच सात दिन के भीतर पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।