तहसील दिवस में डीएम डॉ. वेदपति मिश्र के सामने गांव में अवैध कब्जे की काफी शिकायतें आईं। कई शिकायतें ऐसी आईं, जिनमें फरियादियों का कहना था कि वह तहसील के चक्कर लगाते-लगाते थक चुके हैं। डीएम ने साफ कह दिया कि अब तहसील दिवस में यदि अवैध कब्जे की शिकायत पहुंची तो संबंधित लेखपाल निपटेंगे, उन्हें इसके लिए पूरी तरह से उत्तरदायी बना दिया जाए। वहीं चक्कर लगवाने की प्रवृति भी बंद कराने की नसीहत मातहतों को दी गई।
डीएम डॉ. वेदपति मिश्र व एसपी कलानिधि नैथानी तक शिकायती पत्र पहुंचाने वालों में धक्का-मुक्की होती रही। शिकायत दर्ज करवाने के काउंटर में दो बजे तक भीड़ लगी रही। काफी लोग तो बगैर शिकायती पत्र दिए वापस हो गए। वैसे 133 प्रार्थनापत्रों का पंजीकरण हुआ, जिसमें केवल 11 ही निस्तारित किए जा सके। लेखपालों को ग्राम समाज की जमीन, नाली, चकरोड व रास्ते से अवैध कब्जा हटाने के लिए तीन दिन का मौका दिया गया।
मौसम में नमी होने की वजह से भी भीड़ काफी पहुंची। ऐरांया विकास खंड ग्राम पंचायत अल्लीपुर भादर की रचना देवी, रूबी, गुड़िया देवी, सत्य रूपा और ननकी आदि दो दर्जन महिलाओं ने इंदिरा आवास और लोहिया आवास की मांग की है। शिकायतों के निस्तारण के लिए संबधित विभागों के अधिकारियों को डीएम और सीडीओ ने निर्देश दिए।
एसपी कलानिधि नैथानी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि ईद पर कोई अप्रिय घटना घटी तो संबधित थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सीडीओ रामाश्रय, सीएमओ वीके पांडेय, जिला विकास अधिकारी मिथलेश सचान, पीडी आर के गौतम, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार मिश्र सहित सभी विभागों के अफसर मौजूद रहे।
:
लगाए कई चक्कर फिर भी निस्तारण नहीं-b खागा। तहसील दिवस की अधिकांश शिकायतों का गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण न होने से फरियादियों को कई-कई बार अर्जी लगाना पड़ता है। मंगलवार को तहसील दिवस में आए क्षेत्र के पेरी गंाव के शिवदत्त ने बताया कि सरकारी हैंडपंप पर दबंग ने कब्जा कर लिया है, जिसकी शिकायत तीन बार की गई है।
धाता विकास खंड के तेंदुआ गंाव के दिनेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2014-15 में शासन से आवास सूची में नाम आया था। तत्कालीन बीडीओ ने नाम कटवा दिया है। इसकी शिकायत लगातार तीन तहसील दिवस में की गई। विजयीपुर विकास खंड के गाेंदौरा गंाव के हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि उनकी पैतृक जमीन को हल्का लेखपाल ने गंाव के ही दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज कर दिया है। इसकी शिकायत समाधान और तहसील दिवस में पहले भी कर चुका है।
काही गांव के चंद्रप्रकाश ने बताया कि वह पट्टे की जमीन की पैमाइश के लिए तीन बार तहसील दिवस में कह चुके हैं। अभी तक कुछ नहीं हुआ है। बैरी गंाव के अंकित सिंह, सुभाष, फूलचंद्र आदि लोगों ने सामूहिक रूप से तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत लगातार चार बार किया है। वहीं मंगलवार को डीएम के जाने के बाद सीडीओ रामाश्रय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के अंदर सभी शिकायतों का निस्तारण हो जाना चाहिए।
तहसील दिवस में भूमि विवादों क ी छायी रही शिकायतें- बिंदकी। तहसील बिंदकी के सभागार में एसडीएम जेएन सचान की अध्यक्षता में तहसील दिवस हुआ। फरियादियों की शिकायतें सुनकर एसडीएम ने संबंधित विभागाध्यक्षों से समस्या दूर कराने के निर्देश दिए। यहां राजस्व की 39, पुलिस की 15 के अलावा समाज कल्याण की एक, पीडब्लूडी की एक, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में व्याप्त कालाबाजारी से संबंधित दो, जलनिगम की दो, अन्य विभागों की पांच शिकायतें दर्ज की गई। एसडीएम ने बताया कि 65 शिकायती पत्रों में पांच का निस्तारण मौके में टीम भेजकर कराया गया है।
सदर में 36 में नौ मामले निस्तारित- फतेहपुर। मंगलवार को आयोजित सदर तहसील दिवस में 36 शिकायतें सुनी गईं। एसडीएम विवेक श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सदर तहसील दिवस में राजस्व, पुलिस के मामले सबसे ज्यादा रहे। इसके अलावा किसानों से जुड़ी समस्याएं रखी गईं। जिन पर नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। 26 शिकायतों के अविलंब निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।