औंग। सेना में अवर अभियंता (जेई) के पद पर तैनात पति के परिवार वालों ने दहेज की मांग पूरी न हाेने पर युवती को पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति समेत नौ ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के आनंदपाल सिंह की बेटी प्रिया सिंह उर्फ रितु की शादी 15 फरवरी 2023 को कानपुर बिधनू थाना के कठारा गांव निवासी राहुल सिंह चंदेल से हुई थी। राहुल सेना में जेई हैं और वर्तमान में हरियाणा के हिसार में तैनात हैं। प्रिया का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति व ससुराली दहेज में दो लाख रुपये व इनोवा कार की मांग करने लगे।
मांग पूरी न होने पर मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी देते थे। 23 मई को पति राहुल ने उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और फिर पीटकर घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में रह रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने राहुल, ससुर अशोक सिंह, सास सुमन समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष सुरेश सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।