अमौली। बुढ़वा में खेले जा रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में हंक इलेवन भलिगवां ने कृष्णा सुपर किंग्स को और दूसरे मैच में बालाजी स्ट्राइकर ने आर्मी सुपर को शिकस्त दी।
पहले मैच में कृष्णा सुपर ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट पर 95 रन बनाए। टीम के सुमित अवस्थी ने 28 और शिवम सिंह ने 23 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हंक इलेवन की टीम ने 11.2 ओवर में ही 97 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम के ऋतिक सचान ने 25 रन, लकी सिंह ने 12 रनों की पारी खेली। आकाश सिंह को मैन ऑफ द मैच का सम्मानित दिया गया।
दूसरे मैच में श्रीबालाजी स्ट्राइकर लखनऊ और आर्मी सुपर किंग्स के बीच खेला गया। श्री बालाजी स्ट्राइकर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 120 रन बनाए। टीम के मनीष चौहान ने 27, लारेब ने 41 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। जवाब में खेलने उतरी आर्मी सुपर किंग्स नौ विकेट खोकर 74 रनों पर ही सिमट गई। बालाजी टीम 46 रन से विजयी रही। मनीष चौहान को मैन ऑफ दा मैच चुना गया। यहां पर आशीष सचान, सर्वेश तिवारी, राजकुमार वर्मा, देवकांत उत्तम, निखिल यादव, राजू उत्तम, सनोज प्रधान, मोनू मिश्रा, विराट शुक्ला, मुकुल तिवारी अशोक गुप्ता आदि माैजूद रहे।