जिला अस्पताल में बाहर की दवा लिखने पर डॉक्टर से पूंछताछ करतीं केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरं?
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। जिले की सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया तो वहां की पोल खुल गई। वार्डों में भर्ती मरीजों के पास बाहर से मंगाई गई दवाएं मिलीं। पूछने पर मरीजों ने बताया कि सरकारी अस्पताल में निशुल्क उपचार की उम्मीद से आए थे, लेकिन डॉक्टरों ने अस्पताल में दवाएं न होने की बात कहकर बाहर से दवाएं मंगाईं हैं। डॉक्टरों की इस कारस्तानी पर साध्वी का पारा हाई हो गया और उन्होंने अस्पताल के कई अधिकारियों को फटकार लगाई।
अमृत महोत्सव के अवसर पर तेलियानी ब्लॉक के रावतपुर गांव में ग्रामीणों को राशन और सौर ऊर्जा से संचालित एलईडी बल्ब वितरित किए। इस कार्यक्रम के बाद साध्वी जिला अस्पताल पहुंची। यहां भर्ती मरीजों का हालचाल जानने वार्डों में पहुंची। इस दौरान मरीजों ने उन्हें बताया कि किस तरह से सरकारी अस्पताल में निजी कंपनियों के दवा प्रतिनिधियों के इशारों पर डॉक्टरों की कलम चलती है। साध्वी ने फिजीशियन डॉ. एनके सक्सेना को बुलाकर इस बारे में पूछताछ की, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद साध्वी ने सीएमएस कक्ष में सीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह की मौजूदगी में एक-एक डाक्टर की क्लास ली। चिकित्सकों से बातचीत के बाद साध्वी ने कहा कि लोग मुफ्त इलाज की आस में जिला अस्पताल आते हैं, मगर कुछ लोग इस व्यवस्था को बिगाड़ने में लगे हैं। मरीजों के पास मेडिकल स्टोर से लाई गईं दवाएं देख उन्होंने नाराजगी जताई।
अस्पताल में भर्ती मरीजों के पास मेडिकल स्टोर से लाई गई दवाएं मिलने पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को इस प्रकरण से अवगत कराएंगी। साथ ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगी। जिला अस्पताल के बाद डाक बंगले में भी साध्वी ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरपी सिंह व सीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह को तलब किया। यहां भी दोनों से नाराजगी जताई और इस व्यवस्था को शर्मनाक बताया। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक पंकज त्रिपाठी और जिला उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह गौतम भी मौजूद रहीं।