बिंदकी। सीएचसी बिंदकी में बनाए जा रहे एलटू श्रेणी के कोविड हॉस्पिटल जल्द शुरू हो जाएगा। अस्पताल में बेड से लेकर ऑक्सीजन सिलिंडर तक की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। जल्द कोरोना मरीजों को अस्पताल में बेड और ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बिंदकी नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 50 बेड का एलटू श्रेणी कोविड हॉस्पिटल के बुधवार को शुरू होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल में मरीजों के लिए बेड और ऑक्सीजन सिलिंडर की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। वर्तमान में कोविड हॉस्पिटल के 26 बेड पूरी तरीके से तैयार हैं।
साथ ही 33 ऑक्सीजन सिलिंडर भी सीएचसी पहुंच चुके हैं। जिनमें 15 बड़े सिलिंडर और 18 छोटे सिलिंडर शामिल हैं। कोविड हॉस्पिटल के नोडल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में बुधवार से मरीजों को भर्ती किया जाने लगेगा। मरीजों को अब थरियांव और कटोघन जाने जाने के लिए डेढ़ घंटे का अतिरिक्त समय बर्बाद नहीं करना पड़ेगा। क्षेत्र के मरीजों को सीएचसी बिंदकी में ही सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।