फतेहपुर। हत्या, लूट, चोरी और गोकशी जैसे मामलों में सक्रिय 24 आरोपियों पर सख्त निगरानी रखने के लिए एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर विभिन्न थानों की पुलिस ने उनकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। इन अपराधियों पर कुल 135 से अधिक आपराधिक मामले पहले से विचाराधीन बताए जा रहे हैं।
सदर कोतवाली पुलिस ने मिट्ठनपुर खुराना निवासी सुरेश कुमार, लोधीगंज निवासी अरविंद कुमार, ज्वालागंज के गुलाम रसूल की हिस्ट्रीशीट खोली है। वहीं हुसैनगंज पुलिस ने गयासपुर गांव के उमेश कुमार लोधी और मानसिंह का पुरवा के अंकित लोधी को सूची में शामिल किया है।
खखरेरू पुलिस ने रामनगर पुरानी बाजार निवासी सुनील केसरवानी, जबकि बिंदकी पुलिस ने नगर पालिका के सामने रहने वाले नीजर विश्वकर्मा उर्फ लोधसिंह और जकी उर्फ छोटेलाल की हिस्ट्रीशीट खोली है।
कल्यानपुर पुलिस ने सौंह निवासी राजन यादव उर्फ राजन सिंह, गहबराखेड़ा के विवेक यादव और पालीखेड़ा गांव के शिवम यादव को निगरानी में लिया है। जहानाबाद पुलिस ने काजीटोला के अनुज विश्वकर्मा और पोजेपुर के नितिन को सूची में शामिल किया है।
जाफरगंज पुलिस ने गढ़ी निवासी मुसाहिद और भारतपुर के सुनील कुमार की हिस्ट्रीशीट खोली है। वहीं ललौली पुलिस ने अढ़ावल गांव के झब्बू उर्फ अरविंद, लवकुश सिंह और गणेशपुर निवासी दिनेश चंद्र उर्फ बच्चू सिंह यादव को शामिल किया है।
थरियांव पुलिस ने मोहम्मदपुर कलां गांव के साहिबे आलम और मो. चांद, हथगाम पुलिस ने रायपुर मुआरी गांव के गुफरान, मो. एहसान और गौरा गांव के अच्छन कुरैशी की हिस्ट्रीशीट खोली है।