खागा। व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के विरोध के बाद प्रशासन ने पहले अतिक्रमण हटाया और फिर शाम को नो-एंट्री लागू कर दिया। अब कस्बे की सड़कों पर शाम चार बजे से रात आठ बजे भारी वाहन नहीं चलेंगे। इसे मंगलवार शाम से लागू किया गया है। पुलिस ने चारों दिशा में बैरियर व नो-एंट्री का बैनर लगाकर भारी वाहनों को रोका।
कई दिन पहले बाइक सवार व्यापारी की मौरंग लदे ट्रक से कुचल कर मौत हो गई थी। इसके बाद नो-एंट्री की मांग की जा रही थी। व्यापारिक संगठनों की मांग रही कि सुबह आठ से रात आठ बजे तक नो-एंट्री का नियम लागू किया जाए। हालांकि धाता-खागा व किशुनपुर-खागा मार्ग पर आने वाले वाहनों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग न होने पर नो-एंट्री के नियम को शुरुआत में चार घंटे के लिए लागू किया गया। एसडीएम अभिनीत कुमार ने बताया कि चार घंटे की बड़े वाहनों की नो-एंट्री लागू की गई है।