फोटो-24-प्राथमिक विद्यालय मेवली बुजुर्ग में परीक्षा देते छात्र। संवाद
फतेहपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं मजाक बनकर रह गई हैं। दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षाएं समय से शुरू नहीं हो पा रही हैं और कई विद्यालयों में बच्चों को मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) भी नहीं मिल रहा। जिम्मेदार अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं।
शुक्रवार को प्रथम पाली में कक्षा तीन की हिंदी तथा कक्षा चार से आठ तक सामाजिक विज्ञान, जबकि दूसरी पाली में कक्षा दो से आठ तक अंग्रेजी की परीक्षा निर्धारित थी। परीक्षा दो पालियों में कराने और निगरानी की जिम्मेदारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को दी गई थी फिर भी कई विद्यालयों में लापरवाही देखने को मिली।
हसवा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कासिमपुर में दोपहर 12:45 बजे बच्चे खेलते मिले। शिक्षिकाएं भोजन कर रही थीं। बच्चों ने बताया कि रसोई गैस सिलिंडर खत्म होने के कारण एमडीएम नहीं बन सका। साथ ही दोपहर 12:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा भी समय पर प्रारंभ नहीं हो पाई।
बीईओ हसवा जय सिंह का कहना है कि एमडीएम न बनने पर बच्चों को बिस्किट वितरण कराया गया। परीक्षा देरी से शुरू होने की बात पर उन्होंने कहा कि कुछ समस्या हुई होगी। परीक्षा मानक के अनुसार संचालित कराई जा रही है।
102 छात्रों के सापेक्ष 92 परीक्षा में हुए शामिल
तेलियानी विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मेवली बुजुर्ग में 102 के सापेक्ष 92 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। प्रधानाचार्य सुधा देवी ने बताया कि परीक्षा सुचारु रूप से चल रही है। सराय खरगू के अल्लीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय अल्लीपुर में पंजीकृत सभी 52 छात्र मौजूद रहे। प्रधानाचार्य अर्चना सिंह ने बताया कि परीक्षा मानक के अनुसार कराई जा रही है।
फोटो-24-प्राथमिक विद्यालय मेवली बुजुर्ग में परीक्षा देते छात्र। संवाद