फतेहपुर। साइबर अपराधियों ने दोस्त की फेसबुक आईडी हैक कर युवक से एक लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
किशनपुर थानाक्षेत्र के महेशपुर मठेठा गांव निवासी राम सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त नीरज पाल सऊदी अरब में रहता है। आठ दिसंबर को राम सिंह को नीरज की फेसबुक मैसेंजर से एक संदेश आया। हाल-चाल पूछने के बाद रामसिंह के बैंक खाते में छह लाख रुपये डालने का मैसेज भेजा और रुपये 24 घंटे के बाद खाते में पहुंचने की बात कही। कुछ समय बाद फिर मैसेज आया जिसमें कहा गया कि एजेंट ने नीरज की छुट्टी रद्द करा दी है और छुट्टी के लिए एक लाख रुपये की मांग की है।
राम सिंह ने दोस्त के बताए बैंक खाते में एक लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद धमकी देकर एजेंट ने वीजा बढ़वाने के लिए 70 हजार रुपये और मांगे। राम सिंह ने अपने ऑनलाइन बैंक खाते से 60 हजार रुपये और एक अन्य दोस्त के खाते से 10 हजार रुपये भेज दिए। बाद में जब उसने नीरज पाल से फोन पर बात की तो उसे धोखाधड़ी का पता चला। नीरज की फेसबुक आईडी को हैक कर यह ठगी की गई थी। थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।