फोटो-06-पुलिस के साथ बैठी गुलाबी गैंग की अध्यक्ष के साथ महिलाएं। संवाद
बहुआ। कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल को शनिवार को संगठन की अन्य महिलाओं के साथ उनके घर में नजरबंद रखा गया। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ललौली पुलिस उन्हें छोड़कर चली गई।
एलआईयू ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान गुलाबी गैंग की अध्यक्ष की ओर से हंगामे की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दी थी। इसके बाद शनिवार सुबह ललौली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव टीम के साथ सुजानपुर गांव स्थित उनके आवास पहुंची और उन्हें नजरबंद कर दिया।
हेमलता पटेल ने बताया कि पुलिस ने उन्हें संगठन की सावित्री, मधु, संयोगिता, सत्यवती, सुमन और राजरानी के साथ घर में ही रोक दिया। उन्होंने बताया कि वह किसानों की समस्याओं, बिजली-पानी के संकट और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर पांच सूत्री ज्ञापन देने जा रही थीं।
फोटो-06-पुलिस के साथ बैठी गुलाबी गैंग की अध्यक्ष के साथ महिलाएं। संवाद