जिले की बिजली आपूर्ति पटरी पर नहीं है। फाल्ट और रोस्टिंग के कारण 15 से 18 घंटे की कटौती उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही हैं। आबूनगर उपकेंद्र के तहत शादीपुर, पटेलनगर समेत दर्जनभर इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप है। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
रविवार की रात और सोमवार को फाल्ट व रोस्टिंग के कारण करीब 16 घंटे की कटौती से जनजीवन बेहाल है। आबूनगर उपकेंद्र के तहत फाल्ट होने से शादीपुर, आईटीआई रोड, स्टेशन रोड, नासिरपीर, आबूनगर, नउवाबाग आदि इलाकों की बिजली गुल रही। सुबह बिजली आई, लेकिन वोल्टेज इतना कम था, कि बिजली आना बेकार साबित हुआ। कम वोल्टेज के कारण पानी की मोटर भी नहीं चल सकी।
जिससे लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। हैरत की बात यह है कि रातभर बिजली गुल होने की जानकारी विभाग के जिम्मेदार अफसरों को नहीं है। पूछने पर अधिकारियों ने अनभिज्ञता जताई। सोमवार को डीएम आवास चौराहे से अस्ती तक जर्जर तार बदलने का काम किया गया। इससे भी दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रही।
इन दिनों बिजली व्यवस्था बद से बदतर है। कई इलाकों में लो वोल्टेज आने से बिजली का आना भी बेमतलब है। ऐसे में न तो इनवर्टर चार्ज हो पा रहे हैं और न ही अन्य उपकरण चल पा रहे हैं। शादीपुर इलाके के रहने वाले मोहित चंदेल, सिविल लाइन निवासी राकेश मिश्रा, रवि पटेल ने बताया वोल्टेज बहुत लो होने से इलेक्ट्रानिक उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। लो वोल्टेज आने से कूलर, पंखा, टीवी कुछ नहीं चल पा रहे हैं। अधीक्षण अभियंता आरएन सिंह ने बताया एसडीओ को समस्या का समाधान का निर्देश दिया गया है।
उपखंड अधिकारी सदर अजीत यादव ने बताया मंगलवार को गोपालनगर फीडर और शहर क्षेत्र के शादीपुर से रेलवे स्टेशन रोड तक जर्जर तार बदले जाएंगे। तार बदलने के कारण दिन में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।