फतेहपुर। सभी राजकीय और वित्तीय सहायता प्राप्त इंटर कालेजों में सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। शासन ने इस बावत जनपद की शिक्षण संस्थाओं से सूची तलब की है। जहां ऐसे इंतजाम नहीं हैं वहां पर दो दिन के अंदर आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को जनपद के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की। स्काउट भवन के सभागार में हुई बैठक में प्रधानाचार्यों से संस्थानों में व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। सभी को दो दिन में सीसीटीवी कैमरे लगवा लेने की अंतिम हिदायत दी गई। जिससे बोर्ड परीक्षा केंद्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दरअसल शिक्षा मंत्री ने सभी जोन प्रभारियों से इस बारे में 22 नवंबर को शाम चार बजे तक यह सूचनाएं चाही थीं। जिसमें पूछा गया है कि राजकीय और वित्तीय सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में वॉयस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे लगे हैं कि नहीं। साथ ही यह भी सूचित करना है कि राउटर एवं हाई स्पीड ब्राडबैंड लगे हैं या नहीं। प्रधानाचार्यों को कालेजों में संचालित ब्राड बैंडों के यूजर आईडी और पासवर्ड भी बंद लिफाफे में लाने को कहा गया था। प्रधानाचार्यों ने बैठक के दौरान इसे जमा भी किया। इधर, डीआईओएस ने वीडियो कांफ्रेेंसिंग के माध्यम से मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध कराईं।