फतेहपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर विदेश में बैठे शौहर ने फोन पर पत्नी को तीन तलाक दे दिया और संबंध समाप्त कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर एसपी के आदेश के बाद महिला थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ललौली थाने के कृष्णा नगर बहुआ निवासी मैनुल हसन की पुत्री एरम खातून ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह चार मार्च 2021 को सदर कोतवाली के सनगांव निवासी मोहसिन रजा से हुआ था। निकाह के कुछ समय बाद ही पति रोजगार के लिए विदेश चला गया।
महिला ने बताया कि पति के विदेश जाते ही ससुर नईम, सास रेहाना और देवर मोहम्मद रजा ने दहेज में बाइक, इन्वर्टर-बैटरी और 50 हजार रुपये नकद की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसने पुलिस से शिकायत की थी।
21 नवंबर 2024 को पति विदेश से लौटा लेकिन कुछ दिन बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। तीन मार्च को ससुरालियों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। शिकायत पर महिला थाना में समझौता हुआ। इसके बाद ससुराल वाले उसे वापस ले गए।
17 मार्च को फिर मारपीट की गई और पति की दूसरी शादी की धमकी दी गई। पीड़िता ने जब विदेश में मौजूद पति को फोन कर शिकायत की तो उसने फोन पर ही तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता तोड़ दिया। महिला का आरोप है कि पति अब दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है। महिला थाना प्रभारी संगीता यादव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।