जाफरगंज। खजुहा ब्लॉक के गौरा-हरिजनपुर तीन किलोमीटर मार्ग की हालत चार साल से खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़युक्त जलभराव से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हल्की बारिश में भी सड़क फिसलन भरी हो जाती है। इससे लोग आए दिन चोटिल हो रहे हैं।
यह मार्ग गौरा से हरिजनपुर होते हुए अमौली-फतेहपुर मुख्य मार्ग को जोड़ता है और इसी रास्ते से बड़ी संख्या में लोग बिंदकी तहसील व जिला मुख्यालय तक आवागमन करते हैं। गौरा गांव में बड़ी बाजार और बुधवार व शनिवार को साप्ताहिक बाजार भी लगती है। इसके बाद भी सड़क की स्थिति वर्षों से जस की तस बनी हुई है।
कई स्थानों पर गहरे गड्ढों में पानी भरा रहता है। दोनों ओर बनी नालियों का पानी भी सड़क पर बहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में हालात और खराब हो जाते हैं तथा सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता देवेंद्र आर्या ने बताया कि डिघरुवा से हरिजनपुर तक मार्ग के चौड़ीकरण को स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही कार्य शुरू कर समस्या का समाधान किया जाएगा।
शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार नहीं देते ध्यान
गौरा के प्रधान संजय अग्निहोत्री का कहना है कि सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे ग्रामीणों का निकलना मुश्किल हो गया है। बरसात में जलभराव से हादसों का खतरा बना रहता है। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गौरा निवासी शानू सौदागर का कहना है कि सड़क की बदहाली से राहगीरों और दुकानदारों को रोज परेशानी उठानी पड़ रही है। हल्की बारिश में ही मार्ग कीचड़ और पानी से भर जाता है। इससे लोग गिरकर घायल हो जाते हैं।
फोटो-14-गौरा-हरिजनपुर मार्ग पर बने गड्ढो में जलभराव के बीच निकलते राहगीर। संवाद
फोटो-14-गौरा-हरिजनपुर मार्ग पर बने गड्ढो में जलभराव के बीच निकलते राहगीर। संवाद