मकान की रेलिंग तोड़ती जेसीबी मशीन।
- फोटो : amarujala
नगर में मंगलवार को तीसरी बार जेसीबी मशीनें गरजीं। करीब एक दर्जन दुकानों व मकानों के अतिक्रमण वाला हिस्सा गिरा दिया गया। अतिक्रमण हटाओ दस्ते और जेसीबी मशीनें देखते ही लोगों ने अपनी दुकानों व मकानों को खुद गिराना शुरू कर दिया था।
एसडीएम प्रह्लाद सिंह के नेतृत्व में चौक बाजार से लेकर कोतवाली के सामने तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण गिराया गया। मनुहार के बाद भी किसी को मोहलत नहीं दी गई। सड़क की पटरी से बाहर लगी निर्माण सामग्री को भी उठवा दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने भी अतिक्रमण में आने वाले मकान के आगे का हिस्सा मजदूरों से स्वयं तोड़वा दिया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दहशत से जीटी रोड सब्जी मंडी, बस स्टेशन और नौबस्ता रोड पर भी लोग अपनी-अपनी दुकानों और मकानों को खुद गिराते दिखे। अतिक्रमण देखने वालों की भीड़ रही। चौक पर जाम लग गया। जाम हटाने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। इस मौके पर कोतवाल सुरेश चंद्र ओमहरे, पीडब्ल्यूडी के जेई उमेश कुमार, नगर पंचायत के जेई राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित दोनों विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा।