पत्थर कटा चौराहे के समीप कूड़ा घर में जलता कूड़ा
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। यह बात हैरत करने वाली है, जिन्हें वायु प्रदूषण रोकने की जिम्मेदारी मिली है, वह ही वायु प्रदूषित कर रहे हैं। हालात ये हैं कि नगर पालिका के सफाई कर्मी मौका पाते ही कूड़े के ढेर में आग लगा देते हैं।
ऐसे में धुआं और दुर्गंध के कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़ा जलाने में रोक होने के बावजूद जलाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
कूड़ा जलाने पर हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी है, लेकिन नगर पालिका कोर्ट के इस आदेश का पालन नहीं कर रही है। कूड़े से उठता धुआं एक ओर जहां वायु प्रदूषण फैला रहा है।
वहीं क्षेत्रीय लोगों को परेशानी हो रही है। इसकी शिकायत के बावजूद नगर पालिका संबंधित कर्मचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है।
रविवार शाम एक सफाई कर्मचारी ने कूड़े के ढेर में आग लगा दी।
अखबार के कागजों से आग लगाकर कर्मचारी चलता बना। इसके बाद पूरा ढेर आग की गिरफ्त में आ गया। आबादी के समीप कूड़े में आग लगने लोगों का धुएं और दुर्गंध के हाल बेहाल रहा।
नगर पालिका के सफाई एवं स्वास्थ्य निरीक्षक राकेश कुमार गौड़ का कहना है कि कूड़ा जलाना प्रतिबंधित है। सभी कर्मचारियों को किसी भी दशा में कूड़ा न जलाने की हिदायत है। इसके बावजूद अगर किसी कर्मचारी ने कूड़ा जलाया है, तो उसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।