गैंगस्टर पर कोर्ट के आदेश की अवहेलना का मुकदमा
फतेहपुर। गैंगस्टर के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ कोर्ट के आदेश की अवहेलना का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया है। आरोपी के कोर्ट में हाजिर न होने के कारण पुलिस अब संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही करेगी।
सदर कोतवाली पुलिस ने दो अगस्त 2021 को लूट, चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया था। मामले में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के जमरावां निवासी मो. राज, उन्नाव अचलगंज थाने के रहाहार निवासी देवेंद्र कुमार, सचिन, उन्नाव गंगाघाट शारदानगर निवासी धीरज, अमेठी जिले के कमरौली मगरवारा निवासी छोटू, कमरौली निवासी अरमान और मो. शमीम पर गैंगस्टर लगा था। पुलिस ने कुछ दिन पहले गैंगलीडर मो. राज को तमंचा फैक्टरी चलाने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी देवेंद्र कुमार कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहा था। देवेंद्र के खिलाफ कोर्ट की ओर से गैरजमानती वारंट और संपत्ति कुर्क की नोटिस जारी हो चुकी है। इसके बाद भी आरोपी ने सरेंडर नहीं किया और कोर्ट के आदेश की अवहेलना की है। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश की अवहेलना का मुकदमा दर्ज किया गया है। हाजिर नहीं होने पर संपत्ति कुर्की का आदेश कोर्ट से प्राप्त किया जाएगा।