फतेहपुर। शराब पीने के लिए रुपये न देने पर युवक ने फल के थोक कारोबारी भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे दोनों भाई घायल हो गए। भीड़ के बीच-बचाव करने पर दोनों की जान बच सकी। घायलों ने दुकान से ढाई लाख रुपये लूट, रंगदारी और हफ्ता वसूली का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी मुराइनटोला निवासी वसीम और नसीम सगे भाई हैं। दोनों फल के थोक विक्रेता है। घायल बड़े भाई नसीम ने बताया कि वह लोग शनिवार रात फल की गाड़ी से माल उतरा रहे थे। तभी मोहल्ले का रहने वाला खुशी रात वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा।
रुपये न देने पर कहासुनी होने पर युवक ने गाली-गलौज की। उन्होंने युवक के परिजन से शिकायत की। कुछ देर बाद शिकायत की खुन्नस में युवक अपने साथ एक अन्य साथी के साथ दुकान पर चाकू लेकर पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। हमले में वसीम को पीठ पर नौ व हाथ पर घाव हुए। नसीम को कमर पर दो जगह चाकू लगा।
शोर सुनकर लोगों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी भाग गए। भाइयों का आरोप है कि आरोपी दुकान से ढाई लाख रुपये लूट ले गया है। आरोपी इलाके में गुंडागर्दी कर हफ्ता वसूली और रंगदारी मांगता रहा है। सीओ सिटी गौरव शर्मा ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
फोटो-10- घायल वसीम। संवाद