फतेहपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार किशोरियों का अपहरण किया गया। इनमें से पुलिस ने तीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी की मां ने हिम्मतपुर निवासी रिशू कोरी के खिलाफ पुत्री के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि किशोरी घर से 20 हजार रुपये और जेवर भी लेकर गई है।
थाने के ही दूसरे गांव की इंटर की छात्रा 11 मई की शाम से लापता है। भाई ने पुलिस को बताया कि कोई बहन का अपहरण कर ले गया है। थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी नौ मई से लापता है। पिता ने पुलिस को बताया कि घर से निकलने से पहले बेटी ने एक युवक को फोन कर 1500 रुपये मंगवाए थे। आरोप है कि राजवीर नामक युवक ने उसके खाते में रुपये भेजे थे और उसी पर अपहरण की आशंका जताई गई है। थानाध्यक्ष सुमितदेव पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
किशनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 12 मई की शाम जंगल गई थी। यहां से एक युवक उसे बाइक से बैठाकर ले गया। किशोरी की मां ने थाने में शिकायत दी है। प्रभारी निरीक्षक बच्चेलाल प्रसाद ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। (संवाद)