फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र में सब्जी विक्रेता की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को पत्नी समेत चार आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा है। आत्महत्या से पूर्व युवक ने आठ पेज का सुसाइड नोट भी लिखा था।
थाना क्षेत्र के कुलखेड़ा निवासी सत्य नारायण उर्फ मुकेश रैदास (27) सोमवार रात पंखे में अंगौछे के फंदे से लटका मिला था। मुकेश के सुसाइड नोट के आधार पर पिता रमेश ने पुत्र मुकेश की पत्नी रिंकी, साले छोटू उर्फ अर्पित निवासी निहरापारा थाना सजेती कानपुर नगर, रिंकी की बड़ी बहन पिंकी व पिंकी के पति विजय निवासी कुलखेड़ा थाना चांदपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
मुकेश सब्जी विक्रेता था। उसने पत्नी के कहने पर विजय और ससुरालियों को 1.75 लाख रुपये कर्ज लेकर दिए थे। आरोप है कि रुपये मांगने पर ससुरालीजन गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। विवेचक अविनाश मिश्रा ने बताया कि पत्नी समेत चार आरोपियों को अमौली से बुधवार को गिरफ्तार किया गया। यहां से सभी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर सभी को जेल भेज दिया गया है।