फोटो-48-सीएचसी में महिला सिपाही का इलाज करते स्वास्थ्यकर्मी। वीडियो ग्रैब
बिंदकी (फतेहपुर)। तालाब से अतिक्रमण हटाने के दौरान जेसीबी से ढहाई दीवार के मलबे की चपेट में आने से महिला सिपाही समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर हरकरण गांव के राम सिंह ने तालाब की जगह पर पक्के निर्माण की शिकायत की थी। इस पर शुक्रवार की शाम नायब तहसीलदार रचना यादव, कानूनगो भोला प्रसाद, लेखपाल कौशल पटेल व कोतवाल राजेंद्र सिंह समेत टीम मौके पर अतिक्रमण हटवाने पहुंची। जेसीबी से टीम पक्का निर्माण व टिनशेड ढहाने लगी। ढही दीवार की खजुहा चौकी में तैनात महिला सिपाही प्रतिमा (32) और गांव की चंद्रसखी व उसकी देवरानी मंजू और चंद्रप्रकाश चपेट में आ गए। हादसे में चारों घायल हो गए। घायल महिला सिपाही व तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला सिपाही का सिर फटा है। बाकी तीन लोग भी जख्मी हुए हैं।