गाजीपुर। थाना क्षेत्र इंद्रो पुल गेस्ट हाउस के पास शनिवार रात तेज रफ्तार कार सवार ने बाइक सवार मौसेरे भाइयों और साइकिल सवार पिता-पुत्री टक्कर मार दी। इससे हादसे में चार लोग घायल हो गए। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इंद्रो निवासी संदीप लोधी, बेटी गुड़िया को साइकिल से लेकर घर जा रहा था। इसी मार्ग पर मलवां थाने के कोराईं निवासी बाइक सवार पंकज मौर्य, मौसेरे भाई कुलदीप मौर्या निवासी सायर थाना भरुहा जिला हमीरपुर के साथ जा रहे थे।
इंद्रो पुल गेस्ट हाउस के पास बांदा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कार सवार ने साइकिल और बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे चारों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार मौके से भाग निकला।
साइकिल और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने चारों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष प्रमोद मौर्या ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।