लगभग बीस लाख कीमत का सरसों तेल लाद कर कोलकाता जा रहे ट्रक लूट मामले में पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर घटना के खुलासे का दावा किया है। खागा कोतवाली क्षेत्र हाइवे से 28 फरवरी को सरसों तेल से भरा ट्रक लूटा गया था।
घटना को अंजाम देने में कानपुर देहात की जाइलो कार भी बरामद कर ली गई। बदमाशों ने ट्रक को कब्जे में लेने के बाद कौशांबी के शातिरों के साथ मिलकर इलाहाबाद के धूमनगंज इलाके में तेल के गत्तों को छिपाया था। आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस बरामदी किया।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक सालिगराम वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि घटना में आरोपी सुरेंद्र राय ऊर्फ राशिद निवासी सिविल लाइंस थाना नवाबाद जिला झांसी, सालिम पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी मिर्जा मंडी कोतवाली कालपी जिला जालौन, नीरज श्रीवास्तव पुत्र मनोज श्रीवास्तव निवासी सैनीपुर थाना मंगलपुर कानपुर देहात हालपता जरौली फेस पानी टंकी बर्रा दो कानपुर नगर, आजम पुत्र अफसार अली निवासी किंगनगर थाना करारी कौशांबी को गिरफ्तार किया गया है। जबकि हसनैन पुत्र इस्लाम निवासी पीतमपुर थाना सिंकदरा कानपुर देहात, मोनू ठाकुर अजीतमल औरेया, जावेद पुत्र मुग्गन आजाद नगर, शमसाद पुत्र अहमद सुनारन टोला थाना करारी कौशांबी, सद्दाम पुत्र रईस चकिया थाना धूमनगंज इलाहाबाद, फतेहमुल्ला, निजाम पुत्र युनूस निवासी चकमीरा पट्टी मुंडेरा मंडी थाना धूमनगंज फरार हैं। कानपुर देहात के प्रदीप सिंह की जायलो बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आरोपी नीरज ने अपने साथी प्रदीप सिंह से 28 फरवरी की शाम कुछ घंटों के लिए जायलो कार ली थी। ट्रक लूटने की योजना में हसनैन, मोनू ठाकुर, सुरेंद्र राय, सालिम को बुलाया। पांचों कार से कल्यानपुर थाना क्षेत्र हाइवे पर शुक्ला होटल पहुंचे। पेशे से ट्रक ड्राइवर मोनू ठाकुर ने आगरा से सलोनी ब्रांड का तेल लोड करके कोलकाता जा रहे ट्रक के पीछे लग गए थे। खागा हाइवे पर ट्रक को ओवरटेक करके रोका था। चालक खलासी को बिल्हौर में फे ंक कर ट्रक हसनैन और सुरेंद्र राय कौशांबी लेकर पहुंचे थे। कौशांबी में सैनी के पास जावेद, शमसाद मिले। चारों ट्रक को लेकर करारी मार्ग से धूमनगंज चकिया निवासी सद्दाम के पास पहुंचे। मुंडेरा मंडी में फतेमुल्ला व निजाम के घर पर सारा माल उतार दिया था। इसके बाद ट्रक को प्रतापगढ़ के हंतू थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में छोड़कर निकल गए थे। खागा कोतवाली में एक मार्च को लूट की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
एसपी ने खुलासे के लिए औंग एसओ अजय सेठ, एसआई आनन्द सिंह, क्राइम ब्रांच प्रभारी बिपिन सिंह, सर्विलांस प्रभारी राजेश सिंह और रावेंद्र सिंह को लगाया था। सर्विलांस की लोकेशन पर सुरेंद्र राय और आजम को पकड़ा गया। इससे सारे लोगों के नाम सामने आए और चार बदमाशों की टीम गिरफ्तार करने में सफल हो सकी। एसपी ने टीम को पांच हजार का पुरस्कार दिया और डीजीपी की ओर से टीम को पुरस्कृत किए जाने के लिए पत्र भेजा है। पुलिस ने हाइवे से जायलो कार में भरे तेल के गत्तों के साथ आरोपियों को शनिवार सुबह दो कट्टों, कारतूसों के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है। एसपी ने बताया कि लूट को गैंग ने अंजाम दिया था। इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।