फतेहपुर। हथगाम पुलिस ने मवेशी चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की पांच भैंस, एक पड़वा और घटना में प्रयुक्त लोडर बरामद किया गया है।
हथगाम थाने के अदलीपुर निवासी संजय लोधी की पत्नी आरती देवी के घर से 19 मई की रात मवेशी चोरी हुए थे। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने थाना क्षेत्र के दुदौली प्राइमरी विद्यालय के पास से जलालपुर निवासी मो. हबीब, मो. नसीम, गौरी गांव के बनियापुर निवासी गुलाम मुस्तफा और थरियांव थाने के हनुमानपुर निवासी आजिम खान को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जलालपुर निवासी कामरान और तहिरापुर निवासी चक्रधर अवस्थी उर्फ राम के साथ मिलकर भैंस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए गए मवेशियों को तहिरापुर के गंगा कटरी क्षेत्र में छिपाकर रखा जाता था।
गैंग गंगा कटरी क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाएं करता था और चार से पांच मवेशी इकट्ठा होने पर लोडर से उन्नाव और अन्य जनपदों में बेच देता था। लोडर गुलाम मुस्तफा के नाम पर पंजीकृत है। प्रभारी निरीक्षक अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि भागे आरोपियों की तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया है।